जागरण टुडे, बरेली
आगामी त्रिस्तरीय सामान्य पंचायत निर्वाचन-2026 के लिए निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज बीएलओ और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण व समीक्षा बैठक तहसील आंवला स्थित स्वर्ण पैलेस गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बीएलओ गांव-गांव जाकर घर-घर डोर टू डोर सर्वे करें और मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी का नाम जोड़ने या काटने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल होनी चाहिए। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं होगा।
ई-बीएलओ ऐप पर मिलेगा प्रोत्साहन
प्रशिक्षण में बताया गया कि जो बीएलओ मतदाता पुनरीक्षण कार्य के लिए सबसे अधिक ई-बीएलओ मोबाइल ऐप का उपयोग करेंगे, उन्हें विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
-
प्रथम पुरस्कार – ₹10,000
-
द्वितीय पुरस्कार – ₹8,000
-
तृतीय पुरस्कार – ₹6,000
-
सांत्वना पुरस्कार (5 बीएलओ) – ₹3,000
इसके अलावा, ऐप से मतदाताओं की एंट्री करने वाले बीएलओ को सामान्य मानदेय के साथ अतिरिक्त भत्ता भी मिलेगा।
29 सितम्बर तक करना होगा सर्वे
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ आगामी 29 सितम्बर 2025 तक घर-घर जाकर फार्म 11 पर सूचनाएं एकत्रित करें और तहसील कार्यालय में प्रति जमा करें। साथ ही चुनाव आयोग के निर्देशानुसार अपने मोबाइल पर ई-बीएलओ ऐप में पंजीकरण कर लें। बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह, खंड विकास अधिकारी सहित बड़ी संख्या में बीएलओ मौजूद रहे।