मथुरा। यमुना जी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंगलवार को गोकुल स्थित रमण रेती आश्रम और बाढ़ शेल्टर होम्स का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ आश्रम परिसर का बारीकी से अवलोकन किया और सभी पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति में किसी भी पशु को नुकसान न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुरेंद्र कुमार और तहसीलदार महावन अमित त्रिपाठी मौजूद रहे।
रमण रेती आश्रम का निरीक्षण करने के बाद डीएम नगला कोल्हू स्थित बाढ़ चौकी/शेल्टर होम पहुंचे। उन्होंने सभी कमरों में जाकर बेड, गद्दे, चादर और तकिए की स्थिति देखी। साथ ही उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता को निर्देश दिया कि शेल्टर होम में आने वाले सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद डीएम विशाल मैरिज लॉन में स्थापित शेल्टर होम पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन, पानी, बिजली और रहने की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हासिल की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी परिवार को परेशानी न हो और सभी को समय से भोजन उपलब्ध कराया जाए।