बदायूं। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश शाक्य ने सोमवार को खिरकबारी, औरंगाबाद टप्पा जामुनी एवं जामुनी गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। सामग्री में दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं, जिन्हें पाकर प्रभावित परिवारों ने राहत महसूस की।
राहत सामग्री वितरण के बाद विधायक जामुनी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बांध के किनारे बाढ़ खंड अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे राहत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हाल में आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।
विधायक शाक्य ने कहा कि वह लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते रहेंगे और तब तक जनता के बीच रहेंगे, जब तक सभी लोग सामान्य जीवन व्यतीत करने में सक्षम न हो जाएं। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की घड़ी में सरकार हर संभव सहायता मुहैया कर रही है।
इस मौके पर विधायक के साथ क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे, जिनमें शिवकुमार शर्मा, उपदेश तोमर, योगेश तोमर, श्याम सिंह कश्यप, कामता प्रसाद शाक्य, मुनेंद्र शाक्य, चरण सिंह शाक्य, राहुल कश्यप, भगवान दास शाक्य, मुनीश शाक्य और महिपाल कश्यप शामिल थे।