जागरण टुडे, मथुरा। महानगर पुलिस ने गुरुवार को देह व्यापार की सूचना पर दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर 11 युवतियों और 2 पुरुषों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई कोतवाली क्षेत्र स्थित दीपक गेस्ट हाउस और हाईवे थाना क्षेत्र के भरतपुर रोड स्थित देव पैलेस होटल पर की गई।
सीओ सिटी आसना चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम को लंबे समय से इन स्थलों पर देह व्यापार चलने की सूचना मिल रही थी। मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने पर दोनों स्थानों पर एक साथ छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि मौके से देह व्यापार में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की।
दीपक गेस्ट हाउस से पांच युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया गया, जबकि देव पैलेस होटल से छह युवतियों और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गेस्ट हाउस मालिक दीपक खंडेलवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है, वहीं देव पैलेस होटल के मालिक की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक माह के अंतराल में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जो देह व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। समाचार लिखे जाने तक कोतवाली थाने में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी थी।
सीओ सिटी आसना चौधरी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और किसी भी हालत में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को चेतावनी दी गई है कि यदि उनके प्रतिष्ठान में आपराधिक गतिविधियों का संचालन पाया गया, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।