जागरण टुडे, बरेली। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप ने की। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले मतदाता सूची पुनरीक्षण पर पैनी नजर बनाए रखें। जिलाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) अवश्य बनाए जाएं और उनकी सूची एसडीएम से रिसीव कराकर एक प्रति पार्टी कार्यालय को सौंपी जाए, जिसे सात दिन के भीतर लखनऊ भेजा जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष ने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से जुड़े मुद्दों पर लगातार चर्चा और कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से भ्रष्टाचार चरम पर है। विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, और सरकार केवल लूट और वोट चोरी में लगी हुई है।
जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से निस्वार्थ भाव और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के लिए काम करने की अपील की। वहीं, अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक अधिकारों को लगातार खत्म कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी इन मूल्यों की रक्षा के लिए कृतसंकल्पित है।
बैठक में नव-नियुक्त राष्ट्रीय सचिव (यूथ ब्रिगेड) मनोरमा सिंह बिष्ट का स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। बैठक में पूर्व प्रत्याशी, जिला उपाध्यक्ष, विभिन्न पार्टी पदाधिकारी और संभावित जिला पंचायत प्रत्याशी सहित लगभग 30 कार्यकर्ता मौजूद रहे।