जागरण टुडे, बरेली। जनपद बरेली में एक और लव जिहाद का मामला सामने आया है। मिक्सी मैकेनिक ने एक महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा और धर्म बदलने का दबाव बनाया। महिला ने मना किया तो आरोपी ने रास्ते में घेरकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और उसकी बच्ची को अगवा करने की कोशिश की। पीड़ित के तहरीर देने पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस पर पुलिस ने आरोपी मिक्सी मैकेनिक समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
पीड़ित महिला किला थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उस ने बताया कि करीब छह महीने पहले वह अपनी मिक्सी ठीक कराने कोहाड़ापीर पुलिया के पास एक दुकान पर गई थी। दुकानदार कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री मार्केट निवासी राइयान उर्फ बिट्टू है। आरोप है कि दुकानदार बिट्टू ने महिला का मोबाइल नंबर ले लिया, और आए दिन फोन करके परेशान करने लगा। इसी दौरान उसने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला के कई बार मना करने के बावजूद वह नहीं माना।
महिला का आरोप है कि 4 सितंबर को उसे आरोपी बिट्टू ने अपनी दुकान पर बुलाया। इसके बाद बहाने से उसे अपने घर ले गया। महिला के मुताबिक आरोपी और उसके परिवार वालों ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। धर्म नहीं बदलने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि बिट्टू ने शनिवार की शाम घी मंडी में उसे घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। उसकी चार साल की बेटी का अपहरण करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी के चंगुल से उसको छुड़वाया।
महिला के मुताबिक उसने कोतवाली जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने आरोपी बिट्टू के खिलाफकार्रवाई नहीं की। हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक के मुताबिक उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली जाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। तब पुलिस ने आरोपी बिट्टू, उसकी बहन रिंकी, सिन्हा, शिमपी, बब्बू, बहनोई वसीम, मां अज्जो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं।