Friday, January 30, 2026

प्रभारी मंत्री गुलाब देवी का बाढ़ क्षेत्र में दौरा, पीड़ितों को कराया भोजन, दिया हरसंभव मदद का भरोसा |

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 10, 2025

प्रभारी मंत्री गुलाब देवी का बाढ़ क्षेत्र में दौरा, पीड़ितों को कराया भोजन, दिया हरसंभव मदद का भरोसा |

जागरण टुडे, बदायूं
जनपद बदायूं के तहसील दातागंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने बुधवार को दौरा किया। मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पीड़ितों की पीड़ा को महसूस कर रहे हैं और सरकार पूरे संसाधनों के साथ जनता के साथ खड़ी है।

प्रभारी मंत्री ने मौके पर उपस्थित रहकर स्वयं पीड़ितों को भोजन कराया और राहत सामग्री वितरण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी ग्रामीण को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं या अन्य किसी आवश्यक सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई राहत सामग्री गांव-गांव में पहुँचाई जा रही है और आवश्यकता अनुसार आगे भी भेजी जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र का लगातार निरीक्षण करें और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें। मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा अब तक किए गए राहत कार्यों की सराहना भी की।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि दातागंज, सहसवान एवं बदायूं क्षेत्र के सभी प्रभावित गांवों में राहत व बचाव कार्य जारी हैं। किसी भी ग्रामीण को समस्या होने पर सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष (05832-451362) या कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम (7505395940, 7505389289, 05832-266052) पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, अपर जिलाधिकारी वैभव शर्मा, एसडीएम दातागंज सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.