जागरण टुडे, पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और सांसद जितिन प्रसाद से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग उठाई और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने पर चर्चा की।
स्वामी प्रवक्तानंद ने बताया कि बाढ़ से बरखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। कई कच्चे मकान ढह गए, और सड़कों एवं पुलों को भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को तात्काल राहत और मुआवजा मिलना अत्यंत जरूरी है।
मुलाकात के दौरान विधायक ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बरखेड़ा जैसे क्षेत्र के लिए आपदा राहत के साथ-साथ दीर्घकालिक विकास योजनाएँ ही स्थायी समाधान साबित होंगी।
स्वामी प्रवक्तानंदने उम्मीद जताई कि सांसद जितिन प्रसाद और केंद्र सरकार इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाएंगे। बरखेड़ा क्षेत्र की जनता को विश्वास है कि इस बैठक के बाद न सिर्फ बाढ़ पीड़ितों को राहत मिलेगी, बल्कि विकास कार्यों को भी नई गति प्राप्त होगी।