कासगंज पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान यूनियन (स्वराज गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय और उनके भाई आशीष पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी कासगंज अंकिता शर्मा ने बताया कि थाना ढोलना क्षेत्र के गढ़ी हरनाठेर निवासी कुलदीप और आशीष पांडेय ने तथाकथित किसान संगठन बनाकर खुद को स्वराज गुट का नेतृत्वकर्ता घोषित किया है। वास्तव में इनका किसानों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। दोनों किसानों को गुमराह कर उन्हें भड़काने का काम करते हैं।
एसपी ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में इनके संगठन के सदस्यों को गैंगस्टर एक्ट में न्यायालय से सजा भी सुनाई गई थी। दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित अपराधी हैं।
कुलदीप पांडेय की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही स्वराज गुट के कार्यकर्ताओं और किसान नेताओं में नाराजगी बढ़ गई। संगठन से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कई तरह की टिप्पणियां कीं।
गिरफ्तारी और न्यायालय में पेशी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता कर दी है। अदालत परिसर में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।