जागरण टुडे, बरेली
लंबे समस से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे शिक्षक की सेवा समाप्त कर दी गई है। बीएसए संजय सिंह की ओर से शुक्रवार को सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया गया है।
ब्लॉक रामनगर के ग्राम संग्रामपुर के कंपोजिट विद्यालय में तैनात अनूप सिंह 21 अप्रैल 2024 से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। इस पर बीएसए की ओर से 15 फरवरी को सुनवाई के लिए बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इस पर बीइओ मुख्यालय को जांच अधिकारी नामित किया गया। अपनी आख्या में बीईओ ने बताया कि अनूप सिंह को 21 जुलाई को अंतिम अवसर देते हुए पक्ष रखने के लिए बुलाया गया, लेकन वह नहीं आए। बीईओ ने अपनी जांच में शिक्षक को दीर्घावधि से अनुपस्थित रहने और अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने का दोषी बताया। बीएसए के मुताबिक जांच अधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद भी नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत के तहत शिक्षक को उसके निवास पते पर पंजीकरण डाक के माध्यम से पत्र भेजकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, इसका भी शिक्षक ने जवाब नहीं दिया। इस पर उनकी सेवा समाप्ति की संस्तुति की गई है।