जागरण टुडे, बरेली। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ का चुनाव शनिवार को आयुर्वेदिक और यूनानी विभाग परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी संजीव मेहरोत्रा की देखरेख में हुए इस चुनाव में विभिन्न पदों के लिए प्रतिनिधियों का चयन किया गया।
चुनाव परिणामों के अनुसार, अजय सिंह अध्यक्ष, इंद्र कुमार जिला मंत्री और सलीम अहमद कोषाध्यक्ष चुने गए। इसके अलावा कई अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया, जिनमें कैलाश बाल्मीकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राम अवध, दिनेश कुमार और गिरीश कुमार उपाध्यक्ष, हरीश बाबू संगठन मंत्री, सुनील कुमार प्रचार मंत्री तथा चार संयुक्त मंत्री शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में लखनऊ से आए आयुर्वेद और यूनानी विभाग संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष विकास प्रजापति ने कर्मचारियों से एकजुट होकर आगे आने और संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने आपसी सहयोग और एकता को संगठन की मजबूती का आधार बताया।
ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि कर्मचारियों को नैतिक जिम्मेदारी और ईमानदारी से समाज को ऊंचा उठाने के लिए नेतृत्व संभालना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विभागीय मुद्दों के साथ-साथ महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी लामबंद होकर संघर्ष करना आवश्यक है। साथ ही संविदा कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
चुनाव प्रक्रिया और कार्यक्रम का कुशल संचालन अंजनी सिंह ने किया। अंत में नव-निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया।