Saturday, January 31, 2026

Bareilly-News: फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता से बोले मुख्यमंत्री- पाताल से खोज निकालेंगे बदमाश

लेखक: Jagran Today | Category: राष्ट्रीय | Published: September 15, 2025

Bareilly-News: फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता से बोले मुख्यमंत्री- पाताल से खोज निकालेंगे बदमाश
सीएम योगी ने पाटनी परिवार को दिया सुरक्षा का भरोसा, आरोपियों को लगातार तलाश रही पुलिस

जागरण टुडे, बरेली। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता एवं रिटायर सीओ जगदीश पाटनी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात मोबाइल पर बात की। मुख्यमंत्री ने पाटनी परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पाताल से खोज निकाला जाएगा। उधर, बरेली पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।

बरेली शहर में कोतवाली क्षेत्र के चौपुला निवासी रिटायर सीओ जगदीश पाटनी के घर 12 सितंबर को तड़के करीब 3:30 बजे अपाचे बाइक सवार होकर आए दो बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद से पूरा परिवार दहशत में है। फायरिंग करने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए थे। फरार होने के दौरान दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर पोस्ट और एक ऑडियो डालकर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा ग्रुप ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। 

हालांकि, शनिवार सुबह पोस्ट डिलीट करते हुए शाम को यह अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि अकाउंट पुर्तगाल में बनाकर वहीं से पोस्ट की गई थी। उधर, जगदीश पाटनी ने बताया कि रविवार देर रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोबाइल पर उसने बात की। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि उनके साथ पूरा उत्तर प्रदेश है। उनकी सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। हालांकि, पाटनी के घर पुलिस फोर्स तैनात है। साथ ही उन्हें सुरक्षा भी मुहैया करा दी गई है।

33 सोशल मीडिया अकाउंट संदेह के घेरे में, दिल्ली और राजस्थान में डेरा जमाए है बरेली पुलिस

फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस की छह टीमें और एसटीएफ बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी क्राइम को गंडीव पोर्टल और त्रिनेत्र पर हुलिया के अनुसार बदमाशों को चिह्नित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। सुदर्शन पोर्टल के जरिए दिशा पाटनी और उनके परिवार से संबंधित जितने पोस्ट या कमेंट सोशल मीडिया पर किए गए उनका ब्योरा पुलिस ने जुटा लिया है। पुलिस को सबसे अधिक संदेह के घेरे में आने वाले 33 अकाउंट मिले हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इन 33 खातों में ज्यादातर राजस्थान, मध्यप्रदेश और यूपी के हैं।

मुंबई पहुंची अभिनत्री दिशा पाटनी, मुंबई के जॉइंट सीपी से बरेली एसएसपी ने की बात 

जगदीश पाटनी ने बताया कि उनकी बेटी दिशा पाटनी सोमवार को मुंबई लौट आईं। उनके आने का पता लगने पर बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने मुंबई के जॉइंट सीपी से वार्ता की और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके साथ मुंबई पुलिस ने दिशा पाटनी की सुरक्षा बढ़ा दी है।

राजस्थान का युवक बना था डिलिवरी बॉय

पाटनी परिवार पर हमला करने वाले गिरोह का पूरा नेटवर्क राजस्थान से जुड़ा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दिशा पाटनी की मां को डिलिवरी बॉय बनकर फोन करने वाला युवक भी राजस्थान का निकला। वहां की पुलिस के माध्यम से बरेली पुलिस उस तक पहुंची तो वह मंदबुद्धी का निकला। जिससे पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। जांच में सामने आया कि वह दिन भर में मौज-मस्ती के लिए 30 से 40 लोगों को रेंडमली कॉल कर परेशान करता रहता है। राजस्थान कनेक्शन इसलिए भी बड़ रहा है कि जो 33 सोशल मीडिया अकाउंट अति सन्देहास्पद मिले हैं। उनमें भी ज्यादातर राजस्थान के ही हैं। हालाकि, पुलिस ने उन अकाउंट के आईपी एड्रेस निकलवा रही है। उसके बाद सटिक जानकारी हासिल हो सकेगी।

पुलिस ने जिले सभी टोल प्लाजा का 48 घंटे का लिया डेटा

एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार जनपद के सभी टोल प्लाजा का 48 घंटे का डेटा लिया गया है। मिले डेटा को बदमाशों की अपाचे बाइक समेत अन्य पहलुओं को मिलान कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। साथ ही आरटीओ से अपाचे बाइकों का विवरण लेकर आईट्रीपलसी के कैमरों में सभी बाइकों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस टीम ने अभी तक 25सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज इक्क्ठा कर ली है। साथ ही राजस्थान, दिल्ली के रास्तों पर पड़ने वाले सभी टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मंगाई जा रही है। उधर बाइक सवार बदमाश भोजीपुरा के आगे किधर और कहां गए उनका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।

भिवानी की अदालत हत्याकांड से कनेक्शन होने की जांच शुरु

हरियाणा के भिवानी की अदालत में हत्या के कुछ दिन बाद अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर को निशाना बनाया गया। दोनों मामलों में गैंगस्टर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने आया है। एक ही आईडी से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दोनों घटना की जिम्मेदारी भी ली गई है। दोनों वारदातों में समान आरोपियों के शामिल होने की आशंका में पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। जल्द ही पुलिस की एक टीम हरियाणा के लिए भी रवाना की जाएगी। जिस फेसबुक आईडी से अभिनेत्री के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई थी, वह उसी शाम को बंद कर दिया गया। एक धमकी भरा ऑडियो डालने के बाद संबंधित अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया। पुलिस ने आईडी को ट्रेस किया तो उसका जुड़ाव पुर्तगाल से मिला।

हवाला के रुपये दुबई मंगाकर पुर्तगाल से पहुंचाते हैं गैंगस्टर

गैंगस्टर गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा समेत वीरेंद्र चारण के खिलाफ पहले से ही रेड नोटिस जारी किया जा चुका है। इन तीनों गैंगस्टरों के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी समेत हथियारों की सप्लाई का आरोप है। ये सभी गैंगस्टर विदेशों में शरण लिए हुए हैं, जिनमें पुर्तगाल में बैठे गैंगस्टर ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। ये तीनों गैंगस्टर अक्सर रंगदारी और फिरौती की रकम हलावा के माध्यम से दुबई मंगाते हैं। पुर्तगाल के रास्ते दुबई पहुंचते हैं। वहां से इन गैंगस्टरों के ठिकानों पर पहुंच जाती है। 

एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया पाटनी परिवार पर फायरिंग के मामले में 33 सोशल मीडिया अकाउंट को चिह्नित किया गया है। जिनकी कुंडली तैयार की जा रही है। फायरिंग के बाद मुंबई पहुंची दिशा पाटनी की सुरक्षा मुंबई अधिकारियों से वार्ता कर बढ़वा दी गई है। 25 सौ सीसी टीवी कैमरों की फुटेज जुटाए गए हैं। आरटीओ से सभी अपाचे का विवरण मांगा गया है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.