उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में हिंदी पखवाड़ा–2025 का शुभारंभ मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के गोवर्धन सभागार में हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी वीएस चौहान और सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जून 2025 को समाप्त तिमाही की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक सशक्त बनाने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा है और प्रशासनिक कार्यों में इसका अधिकाधिक उपयोग किए जाने से कार्य संस्कृति और अधिक सशक्त एवं सुलभ बनेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अधिकारी क्लब, मंडल कार्यालय एवं स्टेशनों पर पुस्तकालय कक्ष स्थापित किए जाएंगे, जिससे कर्मचारी और अधिकारी साहित्य का लाभ उठा सकें।
हिंदी पखवाड़ा–2025 के अंतर्गत आने वाले दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएँ, कार्यशालाएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें कर्मचारियों और अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। साथ ही, हिंदी पखवाड़ा के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर, क्रिएटिव पोस्ट और एलईडी डिस्प्ले का उपयोग किया जाएगा।
राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभागों में नियमित निरीक्षण और प्रोत्साहन योजनाएँ चलाई जाएँगी। अधिकारियों ने कहा कि इससे न केवल हिंदी का प्रसार होगा, बल्कि कर्मचारियों में भाषा के प्रति आत्मीयता भी बढ़ेगी।