आगामी त्योहार पर होने वाली यात्रियों की भीड़ को लेकर रेलवे की तरफ से लगातार स्पेशल ट्रेनें चलाने का एलान किया जा रहा है। अब तक बरेली होकर गुजरने वाली 45 से अधिक स्पेशल ट्रेनों की घोषणा हो चुकी है। गुरुवार को रेलवे की तरफ से जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन की घोषणा की है।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबधंक आदित्य गुप्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 04829 जोधपुर- गोरखपुर 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। इसके अलावा गाड़ी नंबर 04830 गोरखपुर- जोधपुर 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। जिसमें गुरुवार को गाड़ी संख्या 04829 जोधपुर से 16. 15 बजे चलकर 4: 45 पर दिल्ली, 5: 50 पर गाजियाबाद 8: 25 पर मुरादाबाद और 9: 56 पर बरेली जंक्शन आएगी। 20: 50 पर गोरखपुर पहुंचेगी। नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने पर रेलवे की तरफ से स्पेशल ट्रेनों की घोषणा के बाद यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा के मुताबिक रेलवे प्रशासन ने पश्चिम रेलवे के मुम्बई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 03 एवं पिट लाइन पर इंजीनियरिंग कार्य किए जाने के चलते काठगोदाम से 18 सितम्बर से चलने वाली 09076 काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष गाड़ी अगले आदेश तक बोरीवली में शार्ट टर्मिनेट होगी। यह गाड़ी बोरीवली से मुम्बई सेंट्रल के मध्य निरस्त रहेगी।