रतनलाल इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। 9 से 14 सितंबर तक सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर, शिकारपुर (बुलंदशहर) में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल, तीरंदाजी एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में रतनलाल कॉलेज की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की 30 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 19 छात्राओं का चयन अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया। बाल वर्ग में छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। किशोर वर्ग में भी टीम ने प्रथम स्थान व स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि तरुण वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
तीरंदाजी में विद्यालय की 18 छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 11 छात्राओं का चयन अखिल भारतीय स्तर के लिए हुआ। प्रतियोगिता में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाल वर्ग में 4 स्वर्ण पदक, किशोर वर्ग में 4 स्वर्ण पदक, तरुण वर्ग (इंडियन राउंड) में 4 स्वर्ण पदक और तरुण वर्ग (कंपाउंड राउंड) में 3 स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्या डॉ. नीता सिंह, अध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल और प्रबंधक श्री बांके बिहारी शर्मा ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने कठिन परिश्रम और लगन से यह सफलता अर्जित की है और आगे भी इसी प्रकार विद्यालय एवं माता-पिता का नाम रोशन करती रहेंगी प्रधानाचार्या ने खेल प्रशिक्षकों और आचार्यों को भी बधाई दी और उनके मार्गदर्शन की सराहना की।