जागरण टुडे पीलीभीत
ग्राम पंचायत की ओर से संचालित गोशालाओं में आ रही समस्याओं को लेकर प्रधानों व प्रधान प्रतिनिधियों ने डीएम से मुलाकात की। इस दौरान अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा है। प्रधानों ने फर्जी गोरक्षकों की ओर से गोशालाओं में घुसपैठ और फिर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गोशालाओं की अन्य समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। डीएम ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
ब्लॉक बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में बनी गोशालाओं के संचालन में आ रही समस्याओं को लेकर कई गांवों के प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। प्रधानों ने बताया कि वे सभी शासन की ओर से तय मानकों के अनुसार गोवंशीय पशुओं का भरण-पोषण कर रहे हैं।
गोशालाओं में नित्य प्रति पशुपालन विभाग की ओर से एवं समय-समय पर नोडल अधिकारियों द्वारा पशुओं के उपचार एवं चारे आदि की जांच की की जाती है। फोटोग्राफ ग्रुप पर डाले जाते हैं। सभी गोशालाएं सीसीटीवी युक्त हैं। इधर, पंचायत के चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में प्रतिद्वंदी गलत मंशा से क्षेत्र के पेशेवर शिकायतकर्ताओं और फर्जी गोरक्षक लोगों के साथ गोशाला परिसर में घुसपैठ कर रहे है और केयर टेकरों के साथ अभद्रता एवं मारपीट कर रहे है।
कुछ फर्जी गोरक्षक दल चोटिल गोवंशीय पशुओं को गोशाला में अवैध रूप से लाते है और बाद में उनके फोटो और वीडियो बनवाकर प्रधानों एवं अधिकारियों को ब्लैकमेल करते हैं। गोशालाओं में अनाधिकृत रूप से हो रही अवैध घुसपैठ से गोवंशीय पशुओं को खतरा हो सकता है। इस आशंका से सभी प्रधान परेशान हैं। गोशालाओं में अवैध तरीके से घुसपैठ करने और ब्लैकमेल करने वाले पेशवरों को चिंहित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान रक्षपाल, जंगबहादुर, जदवीर समेत ग्राम पंचायत सिंधौरा खरगपुर, करेली, बड़ा गांव, पंडरी मरौरी, महोलिया, बेहटी, सिंधुआ, नगरिया तिलागिरी, मझगवां आदि के प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि शामिल रहे।
अधिकारियों के दिए पास से हो प्रवेश
प्रधानों ने कहा कि गोशालाओं में प्रवेश केवल संबंधित अधिकारियों की ओर से पास से दिया जाए। इसके आदेश जारी किए जाएं। यह भी बताया कि बरसात के चलते चारे की समस्या आ रही है। वरसीम तैयार होने में भी अभी पखवाड़ा भर का समय लग जाएगा। ऐसे में गोवंशीय पशुओं के लिए हरे चारे की समस्या आ रही है। ब्लाॅक क्षेत्र की महोलिया गोशाला के संबंध में बताया कि गोशाला के बीच से क्षेत्र के दबंगों द्वारा रास्ता का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में कई गोवंशीय पशु चोटिल हो चुके है मना करने पर लोग झगड़ा करने लगते है। डीएम ने समस्याओं को सुनने के बाद सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने गोशालाओं में गोवंशीय पशुओं के लिए हरे चारे की कमी न होने देने की भी बात कही।