विकास श्रीवास्तव
जिलाधिकारी अवनीश राय ने शुक्रवार को तहसील दातागंज के ब्लॉक उसावा स्थित स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय के निर्माणाधीन कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था आवास विकास परिषद के अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से आगामी 25 अक्टूबर 2025 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ महाविद्यालय परिसर के प्रत्येक कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की जांच करते हुए स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को शीघ्र उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए समयसीमा में निर्माण पूर्ण होना अनिवार्य है।
आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय उसावा 5910 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है, जिसकी कुल लागत 912.35 लाख रुपये है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी आवास विकास परिषद को सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में 10 कक्षा कक्ष, 4 प्रयोगशालाएं, एक कंप्यूटर हॉल, एक पुस्तकालय, एक प्राचार्य कक्ष, स्टाफ रूम तथा अन्य प्रशासनिक कक्ष बनाए जा रहे हैं। मार्च 2025 में परियोजना की अंतिम किस्त प्राप्त होने के बाद से कार्य में तेजी लाई गई है।
निरीक्षण के समय जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि कार्य की निरंतर निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट की जाए।