कांग्रेस के पूर्व शिक्षा मंत्री मसूद अहमद ने शुक्रवार को बरेली में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के चुनावों में वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उनका कहना था कि राहुल गांधी को साजिशन निशाना बनाया जा रहा है ताकि उनकी लोकप्रियता को रोका जा सके।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. के.बी. त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, मोहम्मद जकी, जाहिद अली खान, वसीम खान और नवाब मुजाहिद हसन खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिहार चुनाव और युवाओं का आंदोलन
मसूद अहमद ने कहा कि बिहार में हाल ही में वोटिंग पैटर्न में गड़बड़ी की घटनाओं ने जनता को नाराज कर दिया है। वहीं, सड़कों पर लाठियां खा रहे नौजवान इस बात के गवाह हैं कि देश में कुछ बड़ा गलत हो रहा है। उन्होंने युवाओं को चेताया कि अगर समय रहते आवाज नहीं उठाई गई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है।
प्रधानमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की साख कमजोर कर दी है। सुप्रीम कोर्ट तक के कामकाज में हस्तक्षेप हुआ है और अब वोट भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी सब समझ रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है।
राहुल गांधी को लेकर बयान
मसूद अहमद ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश में नेपाल जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश हो रही है, जहां युवाओं ने बदलाव का बिगुल बजाया था।
बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस हर जिले में जनसभाएं और जागरूकता अभियान चलाएगी। देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना होगा। अब सिर्फ बातों से नहीं, बल्कि मैदान में उतरकर अधिकारों के लिए लड़ने का वक्त है।