बरेली जनपद के थाना देवरनिया क्षेत्र के गांव जाफरा की महिला नन्हीं देवी ने अपने ही बेटे और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी बहेड़ी को शिकायती पत्र सौंपा है।
नन्हीं देवी का कहना है कि उनका बेटा प्रेमपाल पुत्र मुन्नालाल पहले अपने हिस्से की चार बीघा कृषि भूमि बेचकर पैसा उड़ा चुका है। इसके बाद उसने जबरन लड़ाई-झगड़ा कर उनकी जमीन और गांव का आधा मकान बेचकर रकम बर्बाद कर दी। नन्हीं देवी ने आरोप लगाया कि प्रेमपाल गलत संगत में पड़ चुका है। वह इंस्टाग्राम पर बने एक दोस्त प्रशांत नामक युवक को अपने घर में रख रहा है।
आरोप है कि दोनों शराब के नशे में कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार कर चुके हैं। 15 सितंबर की रात करीब 10 बजे दोनों ने मिलकर उनके कमरे में घुसकर अभद्रता का प्रयास किया। शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक धमकी देकर भाग गए।
नन्हीं देवी ने पहले थाना देवरनिया और फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने क्षेत्राधिकारी बहेड़ी से न्याय की गुहार लगाई है।