जागरण टुडे बरेली
बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सुकटिया में शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यहां दबंगों ने लक्ष्मीबाई बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में दीवार खड़ी कर दी और मेन गेट पर ताला जड़ दिया। इतना ही नहीं, विद्यालय के नेम बोर्ड पर काला पेंट पोतकर माहौल खराब करने की कोशिश भी की गई।
विद्यालय प्रबंधक सेवा राम गंगवार की पुत्री डॉ. नेहा गंगवार ने बताया कि विश्वजीत सूर्या पुत्र दिनेश सूर्या(निवासी बहेड़ी)अपने साथियों के साथ स्कूल परिसर में जबरन घुस आए। उन्होंने तोड़फोड़ करते हुए दीवार बनाई और रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद दबंगई दिखाते हुए स्कूल का मेन गेट बंद कर ताला जड़कर चले गए।
अचानक हुई इस घटना से छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे कड़ी धूप में घंटों खड़े रहे और शिक्षा से वंचित हो गए। अभिभावकों में भी भारी रोष देखने को मिला।
इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य रचना एवं स्टाफ सदस्य हरीश, भूपेंद्र, मनीष, पूजा, पूनम, अंजू, ज्योतिका, किरण और उपासना मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई बिना बाधा के सुचारू रूप से जारी कराई जाए।