जिला जज विकास कुमार, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्सव गौरव राज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुरेंद्र प्रसाद ने शनिवार को जिला कारागार मथुरा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों की संख्या, भोजनालय, चिकित्सालय और बैरकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला जज ने जेल अधिकारियों को बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने किचन में बन रहा भोजन भी चेक किया।
अधिकारियों ने महिला बंदी बैरक का भी निरीक्षण किया और बंदियों की समस्याओं को सुना। महिला बंदियों से बीमारी, शिक्षा और बच्चों से जुड़ी जानकारी ली गई। बच्चों को चॉकलेट, बिस्कुट, चिप्स और फ्रूटी का वितरण किया गया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा एवं सफाई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
जिला कारागार निरीक्षण के बाद टीम ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का भी दौरा किया। यहां अधिकारियों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें आत्म-सुधार और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नवरात्रि के अवसर पर बच्चों को फल वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र से सुरक्षा व परिसर की जानकारी ली।