विजयादशमी के पावन पर्व पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने समस्त जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दशहरा केवल पर्व ही नहीं, बल्कि यह सत्य, धर्म और नैतिक मूल्यों का संदेश देने वाला महान उत्सव है। यह त्योहार अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है, और हमें सदाचार एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि रावण के वध का प्रसंग हमें यह सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न प्रतीत हो, अंततः जीत सच्चाई और न्याय की होती है। रावण का अंत अन्याय, अधर्म और अहंकार के विनाश का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से हमें अपने जीवन में सद्भाव, सत्य और नैतिकता को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने दशहरे को सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण उत्सव बताया। कहा कि यह पर्व हमें समाज में भाईचारे और एकता को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि दशहरे के अवसर पर सभी नागरिक मिल जुलकर भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं।
साथ ही उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखें। त्योहार का वास्तविक महत्व तभी है, जब हम इसे शांति और आपसी सहयोग के साथ मनाएं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों को विश्वास दिलाया कि प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था की सभी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने पुनः सभी नागरिकों को दशहरा की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हम सबके जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए।