जागरण टुडे, कासगंज।
थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के प्रेमा देवी करन सिंह इंटर कॉलेज, सनौडी खास में शुक्रवार को "मिशन शक्ति" अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस टीम ने छात्राओं को कानूनी जानकारी दी और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति फेस-5 की टीम ने छात्राओं, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं और सुविधाओं से अवगत कराया।
थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने छात्राओं और उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय और उससे जुड़े कानूनी अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 108 तथा एंबुलेंस सेवा 102 जैसी सेवाएं संकट की घड़ी में तुरंत मददगार साबित हो सकती हैं। कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने महिला सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होने चाहिए, जिससे समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण बन सके।