राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत कस्बा गोवर्धन में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। बरसाना रोड स्थित होटल चंद्रा गार्डन में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ संत सियाराम दास महाराज और जिला प्रचारक कुश चाहर ने संयुक्त रूप से भारत माता के चित्रपट के समक्ष माल्यार्पण और शस्त्र पूजन कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन केशव बस्ती के स्वयंसेवकों द्वारा अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए पथ संचलन से हुई। इस अवसर पर करीब 300 स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। पथ संचलन होटल चंद्रा गार्डन से प्रारंभ होकर बड़ा बाजार, चकलेश्वर महादेव, दसविसा, दानघाटी मंदिर से होते हुए मुरारी कुंज विद्या मंदिर तक पहुंचा। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। बड़ा बाजार स्थित मोदी खाना के समीप बबलू शर्मा ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस मौके पर संत सियाराम दास महाराज ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्रहित में सदैव सक्रिय रहने का आह्वान किया। वहीं जिला प्रचारक कुश चाहर ने राष्ट्रीय एकता, चरित्र निर्माण और समाज सेवा में संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पंच परिवर्तन पर भी जोर देते हुए युवाओं को अनुशासन और सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा दी। पथ संचलन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह और थाना प्रभारी रवि त्यागी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला शारीरिक प्रमुख रामेश्वर, जिला बौद्धिक प्रमुख बहादुर, सह जिला बौद्धिक प्रमुख धर्मेंद्र, नगर संघचालक बृजेंद्र शर्मा, खंड प्रचारक अमित, खंड कार्यवाह भानु पाराशर, नगर कार्यवाह राकेश शर्मा, खंड धर्मजागरण प्रमुख राम पुरोहित, खंड संचालक श्यामबाबू कौशिक समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर आयोजित यह पथ संचलन केवल अनुशासन और एकता का प्रतीक ही नहीं रहा बल्कि स्थानीय समाज के बीच राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना का संदेश भी प्रसारित कर गया।