आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के राइट हैंड कहे जाने वाले नफीस खान का बरातघर रजा पैलेस बीडीए की टीम ने रविवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। बीडीए के दो बुलडोजर के साथ 15 मजदूरों ने करीब छह घंटे मशक्कत के बाद रजा पैलेस को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। ध्वस्तीकरण की छह घंटे चली कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
बरेली शहर के जखीरा मोहल्ले में अवैध रूप से बने नफीस के बरातघर रजा पैलेस की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रविवार को दूसरे भी जारी रही। पुलिस-प्रशासनिक अफसर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सुबह करीब 10 बजे जखीरा मोहल्ले में पहुंचे। पुलिस फोर्स ने मौके की घेराबंदी करना आरंभ कर दिया। जिस गली में रजा पैलेस बरात घर बना हुआ है, इसके दोनों ओर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आवागमन रोक दिया।
बीडीए के प्रवर्तन दल की टीम दोपहर करीब 12 बजे दो बुलडोजर लेकर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आरंभ कर दी गई। लोग शनिवार की तरह बुलडोजर की आवाज सुनकर घरों की छतों से ये नजारा देखते रहे। बीडीए की टीम में शामिल 15 लोग बारात घर के बचे हुए हिस्सों को जमींदोज करने में पूरी मशक्कत के साथ लगे रहे। करीब छह घंटे की कार्रवाई के रजा पैलेस के शनिवार की कार्रवाई के दौरान बाकी बचे 30 फीसदी हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान मोहल्ले के लोग अपनी छतों और दरवाजे पर खड़े होकर कार्रवाई को देखते रहे।