उत्तर प्रदेश के जनपद में एक और प्रेम कहानी का दुखद अंत हुआ। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढंडूली में प्रेमी युगल के शव गन्ने के खेत में खड़े नीम के पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव आपस में लिपटे हुए थे। परिजनों के अनुसार दोनों पिछले 10 दिनों से लापता थे। लड़की के परिजनों ने फरीदपुर थाने में लड़के के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना का पता लगने पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मौका मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। गांव में प्रेमी युगल के ऑनर किलिंग की चर्चा है। जबकि पुलिस सुसाइड मान रही है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
गांव से एक किमी दूर गन्ने के खेत में लटके मिले दोनों के शव
सोमवार को फरीदपुर इलाके के गांव ढंडूली से करीब 01 किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में खड़े नीम के पेड़ पर एक युवक और युवती के लटके ग्रामीणों ने देखे। इसकी चर्चा फैलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की पहचान ढंडूली गांव निवासी बुधपाल और उसकी गांव में रहने वाली उसकी नाबालिग प्रेमिका के रूप में हुई। ग्राम ढंडूली निवासी हीरालाल ने बताया कि उनके भतीजे बुद्धपाल (18) का घर गांव के बीच में है। वहीं उसकी प्रेमिका का घर है। घर आसपास होने से दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था, जिससे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।
27 सितम्बर को घास काटने की कहकर घर से निकले थे दोनों
बुधपाल 27 सितम्बर को घास काटने के लिए जाने की कहकर अपने घर से निकला था। वहीं किशोरी की मां ने बताया कि उनकी पुत्री 27 सितम्बर को अपनी चचेरी बहन के साथ घास काटने की कहकर गांव के बाहर गई थी, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटी। किशोरी लापता होने के अगले दिन 28 सितंबर को उसके परिजनों ने थाना फरीदपुर में बुधवार और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था, जिसमें किशोरी को भगा ले जाने का आरोप लगाया था।
सोमवार सुबह करीब 07 बजे अपनी फसल देखने गए एक ग्रामीण को पड़ोस के गांव खुर्द इलाके के खेत से बदबू आती महसूस हुई। उसने नजदीक जाकर देखा तो नीम के पेड़ से बुधपाल और किशोरी के शव लटके हुए थे। उसके बताने पर आसपास मौजूद लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही बुधपाल और किशोरी के परिजन मौके पर जा पहुंचे। इस बीच पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
परिजनों के मुताबिक बुधपाल के पिता मोहनलाल दिल्ली में रहकर रिक्शा चलाते हैं। तीन बड़े भाई गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं, किशोरी की मां बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें यह दूसरे नंबर की थी। उसके पिता के जेल में हैं। मां-बेटे मजदूरी करके परिवार चलाते हैं।
इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि गांव में एक लड़का-लड़की की आत्महत्या का मामला सामने आया है, शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, कानूनी विधिक प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
किशोरी के पिता को 3 साल पहले हुई थी उम्रकैद
किशोरी की मां ने बताया कि उनके पति उम्रकैद की सजा हो चुकी है। वह पड़ोस के गांव में दावत खाने जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने एक नववधू पर जानलेवा हमला कर दिया। उसने किशोरी के पिता पर हमला करने का आरोप लगाया। कोर्ट के आदेश पर 3 साल पहले उन्हें उम्रकैद की सजा हुई थी। किशोरी की मां का कहना है कि इन दोनों बच्चों की मौत में उनके परिवार का कोई हाथ नहीं है। जबकि मृतक बुधपाल के चाचा हीरालाल लड़की पक्ष पर ऑनर किलिंग का आरोप लगा रहे हैं।