जागरण टुडे, (पटियाली) कासगंज।
थाना पटियाली क्षेत्र के गांव करनपुर नगला नुनेरा में सोमवार शाम रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक रणवीर सिंह (65 वर्ष) पुत्र केदार सिंह अपने भाई महाराज सिंह के पास रहते थे। बताया गया कि गांव में लगभग 50 वर्ष पुराने रास्ते को लेकर उनका विवाद पड़ोसी श्यामबाबू पुत्र छोटे लाल, विनय, अतुल, उत्तम पुत्र श्यामबाबू और विनय के साले (नाम अज्ञात) से चल रहा था। श्यामबाबू द्वारा रास्ते पर दो दरवाजे बना लेने से विवाद और बढ़ गया था। इस मामले में तीन वर्ष से न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन बताया जा रहा है।
सोमवार शाम करीब 6:15 बजे इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि श्यामबाबू और उसके परिजनों ने मिलकर रणवीर सिंह पर लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रणवीर सिंह मौके पर ही गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई महाराज सिंह ने पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों रामगोपाल और देवेंद्र ने बताया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने रणवीर सिंह पर बेरहमी से हमला किया था।