Friday, January 30, 2026

Bareilly news : दुकानों से ठेका वसूलने वालों ने की थी किशोर की हत्या, पिटाई का वीडियो वायरल

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 8, 2025

Bareilly news : दुकानों से ठेका वसूलने वालों ने की थी किशोर की हत्या, पिटाई का वीडियो वायरल


बिशारतगंज थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश के जिला देवास निवासी किशोर असिन राज (16 ) की हत्या दुकानों से तहबाजारी वसूलने वालों ने की थी। हत्यारोपियों ने किशोर की हत्या करने से पहले उसकी जमकर पिटाई की थी और इसका वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने वह वीडियो बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ ही पुलिस को किशोर की पिटाई करके हत्या करने के संबंध में कई साक्ष्य मिले हैं। इन्हें आधार बनाकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी करके हत्याकांड का खुलासा हो जाएगा।

मध्य प्रदेश के जिला देवास निवासी ईनी सना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे लोहारी गांव के पास सोमवार सुबह उसके किशोर भाई का शव खाई में मिला। उसके हाथ पीछे बंधे हुए थे। बाजार में अवैध वसूली करने वाले ठेकेदारों ने उसकी पिटाई कर हत्या कर दी। असिन राज अपने कुनबे के अन्य लोगों के साथ बरेली जंक्शन के पास झोपड़ी डालकर रहता था। बाजारों व गांवों में फेरी लगाकर वह माला और मूर्ति बेचता था। रविवार को वह अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी साप्ताहिक बाजार में माला व मूर्ति बेचने गया था। शाम चार बजे असिन बाजार में पकौड़ी खाने जाने की बात कहकर निकला था, काफी देर तक वह नहीं लौटा। सोमवार सुबह वह लोग असिन की तलाश करते हुए अलीगंज की तरफ गए तो अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे खाई में उसका शव मिला।

मृतक की बहन ईनीसना ने आरोप लगाया है कि गैनी बाजार में दुकानदारों से ठेके की उगाही करने वाले लोगों ने असिन राज को पकड़ रखा था। इन लोगों ने भाई की पिटाई की थी। फिर यही लोग बाजार से उसे साथ ले गए थे। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। असिन का शव पानी भरे गड्ढे में औंधे मुंह पड़ा था। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे थे। गले में दुपट्टा बंधा था। ठोड़ी के पास और सिर पर चोट थी। पुलिस तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपियों ने किशोर की पिटाई का वीडियो भी बनाया था। इसे बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत कई साक्ष्य हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.