समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने बुधवार को मीडिया के सामने आरोप लगाया कि प्रशासन और भाजपा की मिलीभगत से शहर में निर्दोष लोगों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। इससे अब जनता त्रस्त हो गई है। जनता सरकार को हटाना चाहती है, और सरकार जनता का ध्यान इन सबसे हटाना चाहती है।
त्रिशूल एयरपोर्ट पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश से मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि जिस प्रकार सपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने नहीं दिया गया, इससे साफ है कि सब कुछ भाजपा और प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बरेली में पीड़ितों से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने बरेली में हुए बवाल की निष्पक्ष जांच के लिए सपा के तीन सांसदों के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम बनाई, लेकिन सभी को बरेली आने से पूर्व ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब प्रशासन ने केवल 14 लोगों को शहर में एकत्र नहीं होने दिया तो हजारों की भीड़ कैसे इकट्ठी हो गई। इससे पुलिस- प्रशासन की नियत पर सवालिया निशान लग रहा है।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीडीए पंचायत लगातार जारी रखने और बरेली शहर में पीडीए की महापंचायत जल्द आयोजित करने को कहा है। जिसको लेकर गुरुवार को पत्र देकर प्रशासन से अनुमति मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन विशेष समुदाय को टारगेट करके कार्रवाई कर रहा है, जो कि शर्मनाक है। निर्दोषों पर कार्रवाई न की जाए।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र यादव, कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता और दीपक शर्मा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।