रामायण के रचयिता महर्षि बाल्मीकि शोभायात्रा बुधवार को फरीदपुर में धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान नगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
जनपद बरेली के कस्बा फरीदपुर में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बाल्मीकि शोभायात्रा आरंभ हुई। फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, पुष्पेंद्र यादव, ओमवीर गुर्जर (जिला अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा), पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि ब्रह्म शंकर गुप्ता, सौरभ अग्रवाल और अनुज शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया।
शोभायात्रा में सबसे आगे लव-कुश के स्वरूप घोड़े पर सवार थे, जबकि रथ पर सवार महर्षि बाल्मीकि का स्वरूप पूरे कार्यक्रम का केंद्रबिंदु बना रहा। विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियों ने यात्रा में चार चांद लगाए। शोभायात्रा मेन रोड, साहूकारा और भारत माता मंदिर मार्ग से होती हुई शाम 6 बजे अपने गंतव्य स्थान पर संपन्न हुई। नगर के विभिन्न स्थानों पर चेयरमैन आवास पर मुकुल, हर्षित ब्रह्मा शंकर गुप्ता, पूनम गुप्ता, आयुष, उत्कर्ष, गुड्डु यादव समेत कई लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा के आयोजन में अध्यक्ष सुखदेव वाल्मीकि, संयोजक बंटी चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद बलधारी, महामंत्री सम्राट वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष जीवन वाल्मीकि, संगठन मंत्री अभिजीत सिंह, मंत्री अमित वाल्मीकि, मीडिया प्रभारी आदित्य, संगठन मंत्री सहगल वाल्मीकि और देव वाल्मीकि समेत अनेक पदाधिकारी शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम कुमार के नेतृत्व में पीएसी जवानों और पुलिस बल की तैनाती रही।