जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में टहलने के दौरान महिला के कुंडल लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक तमंचा और लूटे गए कुंडल बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान गांव देवचरा भमोरा निवासी दिनेश के रूप में हुई है, जो मूलरूप से गांव लहरावन, थाना बहजोई, जिला सम्भल का रहने वाला है।
भमोरा थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह संगीता नाम की महिला देवचरा के पास टहल रही थीं। इसी दौरान एक बदमाश उनके कुंडल लूटकर फरार हो गया। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। महिला के बताए हुलिए और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मंगलवार देर रात सूचना मिली कि आरोपी पढ़री ढाल पर मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेर लिया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 15–20 वर्षों से देवचरा में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। रुपयों की तंगी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ मुरादाबाद के मूढापांडे और भमोरा थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सनी चौधरी, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह राघव, शैलेन्द्र तोमर, हिरेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुरेन्द्र कुन्तल, उन्नत पंवार, कपिल कुमार और प्रशांत चौधरी शामिल रहे।