विकास श्रीवास्तव
बदायूं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में आरबीएमआई बरेली कॉलेज की एम.सी.ए. छात्रा अनुष्का पुत्री रुपेश निवासी मोहल्ला चाहशीरी, थाना सहसवान, जनपद बदायूं को एक दिवसीय क्षेत्राधिकारी सहसवान के रूप में कार्य करने का अवसर प्रदान किया गया।
अनुष्का ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय, सहसवान में बैठकर न केवल जनसुनवाई की, बल्कि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी समझा और कई मामलों में मौके पर ही उचित निर्देश देकर समाधान कराया। शेष मामलों को निष्पक्ष जांच और समयबद्ध विधिक प्रक्रिया के तहत निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से जोड़ते हुए उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। अनुष्का ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा,
“यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। इस अवसर से न केवल मुझे पुलिसिंग की बारीकियों को समझने का मौका मिला, बल्कि यह भी जानने को मिला कि महिलाओं की भूमिका इस सेवा में कितनी प्रभावशाली हो सकती है।”
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहसवान कर्मवीर सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे। उन्होंने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए मिशन शक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
मिशन शक्ति 5.0 जैसी पहलें समाज में महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनती हैं।