विकास श्रीवास्तव
बदायूं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री अजयपाल सिंह द्वारा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, मथुरिया चौक में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही यातायात नियमों की समझ और पालन की आदत विकसित कराना था। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने बच्चों को सड़क पार करने के सही तरीके, ट्रैफिक संकेतों की पहचान, हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने के महत्व तथा सड़क पर अनुशासन का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए बच्चों से प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने पर उन्हें उत्साहित किया गया। साथ ही, बच्चों को यह भी बताया गया कि वह अपने परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।
बदायूं पुलिस द्वारा इस प्रकार के नवाचारपूर्ण अभियानों के माध्यम से न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति चेतना जागृत की जा रही है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित किया जा रहा है।