उत्तर प्रदेश सरकार के महिला मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के तहत महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रामपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने थाना भोट क्षेत्र के ग्राम पीपलगांव में जन चौपाल का आयोजन किया।
चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1930, 101, 112, 108, 1098, 181, 102, 1090 और 1076 — की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY), मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री विवाह सहायता योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
चौपाल के दौरान यह जानकारी सामने आई कि ग्राम की 6 महिलाओं को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन का आवेदन करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिला था। इस पर महिला थाना मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभाग से समन्वय किया और इन महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए।
गैस सिलेंडर प्राप्त करने वाली महिलाओं में आशा पत्नी शिवपाल, लता पत्नी रवि, नरगिस पत्नी मकसूद, सविता पत्नी बबलू, लता पत्नी दिनेश और पूजा पत्नी रामभरोसे (सभी निवासी ग्राम पीपलगांव, थाना भोट, रामपुर) शामिल हैं।
यह पहल प्रभारी निरीक्षक महिला थाना रजनी द्विवेदी के निर्देशन में की गई। टीम में उप निरीक्षक दीपा चौहान, कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्यासागर मिश्र के निर्देशन में चल रहा यह अभियान महिलाओं के सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की वास्तविक पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।