जनपद शाहजहांपुर में जशनपुर और बरेडा गांव के बीच बाग में एक युवक का अधजला शव मिला है। वहीं पड़ोस में भूसा और लकड़ियां जली हुई थीं। वह दाहिने हाथ की एक उगली में अंगूठी पहने था। इसका पता लगने पर पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नमूने लिए। माना जा रहा है कि युवक की हत्या करने के बाद शव जलाया गया होगा।
कांट थाना क्षेत्र के गांव बरेडा उर्फ मुनव्वरगंज निवासी रफी मोहम्मद का बाग जशनपुर और बरेडा गांव के बीच में है। उसके गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर बाग है। उसने बाग में एक झोपड़ी डाल रखी है। बाग में झोपड़ी के निकट भूसा और लकड़ियां एकत्रित है। बरेडा गांव का रामदास दोपहर दो बजे अपने खेत की तरफ जा रहा था। उसने देखा कि रफी मोहम्मद के बाग में एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा है। उसके बताने पर गांव वाले एकत्र हो गए। इसकी सूचना मिलने पर बाग मालिक भी पहुंच गया।
वहीं, शव के पास में भूसा और लकड़ियां जली पड़ी थीं। लोगों ने भूसा हटाया तो कुछ उसमें आग थी। उन्होंने कांट थाना पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा है और उसके सारे कपड़े जल चुके थे। उसके दाहिने हाथ की एक उंगली में अंगूठी थी। एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार और सीओ सदर प्रियांक जैन ने मौका मुआयना किया। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जाती है।
बाग मालिक रफी मोहम्मद ने बताया कि वह दवा लेने शाहजहांपुर गया था, और दोपहर को घर पर आया तो उसको जानकारी हुई है। पुलिस लाइन से फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच करके नमूना लिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी हत्या करके शव की शिनाख्त न हो सके चेहरा आदि को जला दिया है। शव की शिनाख्त नहीं हो पायी है। पुलिस ने जले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।