घायल महिलाओं व बच्चों को सोरों सीएचसी और जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
सोरों कोतवाली क्षेत्र के लहरा में हो रहा है रामलीला का मंचन
जागरण टुडे,कासगंज।
कोतवाली सोरों क्षेत्र के लहरा गांव में चल रही रामलीला के दौरान शुक्रवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक जंगली सियार अचानक पंडाल में घुस आया और दर्शकों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन वृद्ध महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, लहरा गांव में रामलीला का आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी किया जा रहा है। शुक्रवार को मंच पर रामलीला का मंचन चल रहा था और पंडाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मौजूद थे। तभी अचानक एक जंगली सियार भीड़ के बीच घुस आया और बेकाबू होकर लोगों को काटने लगा।
सियार के हमले में 45 वर्षीय मायावती, 60 वर्षीय राधे, उनकी पत्नी 58 वर्षीय किशनी देवी, चार वर्षीय रश्मी, 40 वर्षीय राकेश, 45 वर्षीय होरीलाल, नौ वर्षीय प्रशांत, 16 वर्षीय अंकित, तथा 50 वर्षीय अजीत लहरा घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों ने किसी तरह डंडों और लाठियों से सियार को भगाया।
घटना की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रेफर किया गया। मायावती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल कासगंज भेज दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में आए दिन जंगली जानवरों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवरों को पकड़ने की मांग की है।