जागरण टुडे, मथुरा
देश के युवाओं के सोशल मीडिया सेंसेशन और करोड़ों फॉलोअर्स वाले जाने-माने पहलवान संजय सिंह उर्फ देसी टार्जन जल्द ही मथुरा पहुंचने वाले हैं। वे यहां युवाओं को नशा मुक्ति, सनातन धर्म के प्रचार, और गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने के अभियान से जोड़ने का संदेश देंगे।
ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने हरियाणा के जींद में देसी टार्जन से मुलाकात कर उन्हें मथुरा आने का निमंत्रण दिया। इस दौरान विनोद दीक्षित ने कहा कि आज का युवा वर्ग दिशाहीन हो गया है, नशा उसकी प्राथमिकता बन गई है। ऐसे में देसी टार्जन जैसे लोकप्रिय चेहरों का सामाजिक अभियान से जुड़ना, समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
संजय सिंह उर्फ देसी टार्जन ने अपनी फिटनेस और सामाजिक संदेशों के माध्यम से युवाओं में एक अलग पहचान बनाई है। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नशा मुक्ति, गौ रक्षा और सनातन संस्कृति के प्रसार को लेकर निरंतर संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि में युवाओं को नशे से दूर रहने और धर्म, संस्कृति व फिटनेस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विनोद दीक्षित ने बताया कि मथुरा में इस कार्यक्रम की तिथि और स्थल की घोषणा जल्द की जाएगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। उन्होंने देसी टार्जन को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में बाबू सैनी, पवन, कृष्ण सहित कई स्थानीय युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे और देसी टार्जन के इस अभियान का समर्थन किया।