समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को समाजवादी पार्टी, बरेली ने स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने की और संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया।
जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि डॉ. लोहिया कहते थे कि “सड़कें सूनी हो जाएंगी तो संसद आवारा हो जाएगी।” उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया जैसी विभूतियाँ सदियों में एक बार जन्म लेती हैं। वे समाजवाद के सच्चे पुरोधा थे, जिनके विचार आज भी लोकतंत्र को दिशा देते हैं। लोहिया मानते थे कि जनता की आवाज़ सत्ता की असली ताकत है, और जो सरकार जनता को संतुष्ट न कर सके, उसे शासन में रहने का कोई अधिकार नहीं।
महानगर अध्यक्ष शमीम ख़ाँ सुल्तानी ने कहा कि डॉ. लोहिया ने नेहरू सरकार के खिलाफ पहला अविश्वास प्रस्ताव लाकर इतिहास रचा था। संसद में उनके द्वारा सरकारी अपव्यय पर की गई “तीन आना–पंद्रह आना बहस” आज भी चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि लोहिया जी का जीवन और विचार हर राजनीतिज्ञ के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर दीपक कश्यप के नेतृत्व में कश्यप समाज के सैकड़ों लोगों ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया। इसी दौरान महिला सभा की महानगर अध्यक्ष सरताज ग़ज़ल अंसारी ने हुरिया रहमान एडवोकेट को महिला सभा की महानगर महासचिव नियुक्त किया, जिनका पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में रविंद्र सिंह यादव, बृजेंद्र सिंह यादव, नदीम अली, संजीव यादव दन्नू, डॉ. अनीस बेग, दीपक शर्मा, शेर सिंह गंगवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।