प्रमोद कुमार, रामपुर
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि बूथ अध्यक्ष चुनावी रणभूमि के प्रथम योद्धा हैं। उन्हीं के समर्पण और मेहनत के बल पर आज केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकारें कार्य कर रही हैं।
रविवार को जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार रामपुर जनपद की तहसील स्वार के प्रवास पर रहे, जहाँ उन्होंने स्वार नगर मंडल के बूथ अध्यक्षों और सेक्टर संयोजकों के साथ बैठक की।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए पूरी निष्ठा और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ तैयारी में जुट जाएं।
हरीश गंगवार ने कहा कि बूथ अध्यक्ष ही संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। किसी भी चुनाव में सफलता बूथ स्तर की मजबूती पर ही निर्भर करती है। यदि बूथ अध्यक्ष सक्रिय और जागरूक हैं तो संगठन की जड़ें भी उतनी ही गहरी होंगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों, विचारधारा और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी बूथ अध्यक्षों की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर बूथ को संगठनात्मक रूप से सक्रिय बनाएं और प्रत्येक मतदाता से संवाद स्थापित करें।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक सुझाव भी मांगे, ताकि जमीनी स्तर की चुनौतियों का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा, ईमानदारी और भागीदारी पर निर्भर करती है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र दिवाकर, मंडल प्रभारी तरनजीत ग्रोवर, जिला उपाध्यक्ष महेश मौर्य, महेंद्र सैनी, अर्जुन रस्तोगी, लक्ष्मीकांत सैनी, राजेश शर्मा, दिलीप अरोड़ा, लालमन तोमर, राकेश कश्यप, अमित चंद्रा, लाल सिंह सैनी, और अमित सक्सेना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।