शासन के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत सोमवार को थाना बारादरी, बरेली में महिला सशक्तिकरण टीम द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्या वर्ल्ड स्कूल (पीलीभीत बाईपास, डेंटल कॉलेज के सामने) की छात्रा कुमारी गौरी गुप्ता को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बारादरी का कार्यभार सौंपा गया
कक्षा 12 की छात्रा गौरी गुप्ता ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए थाने का कार्यभार संभाला। भविष्य में आईपीएस अधिकारी बनने की इच्छुक गौरी का स्वागत प्रभारी निरीक्षक थाना बारादरी और महिला सशक्तिकरण टीम ने बुके, डायरी, पेन और उपहार भेंट कर किया
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं को 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 गर्भवती महिला व नवजात शिशु एम्बुलेंस सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 101 अग्निशमन सेवा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
एक दिन की प्रभारी बनीं गौरी गुप्ता ने थाना कार्यालय और महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क एवं जनशिकायत हेल्पडेस्क का निरीक्षण किया और पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और शिकायतों की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने एक प्रकरण में आवेदक किशन कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी संजय नगर की शिकायत पर मारपीट के मामले में अभियोग पंजीकृत करने का आदेश दिया। इसके अलावा चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सामान्य विवाद की घटनाएँ थीं, जिन्हें जांच हेतु चौकी प्रभारी को सुपुर्द किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अपराधों के संबंध में विधिक अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया