जनपद बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटियारी गांव में बुधवार की रात किसान सोपली कश्यप की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। खेत के पास उनका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों बताया, 42 वर्षीय सोपली कश्यप, निवासी घटियारी, बुधवार रात करीब 8 बजे खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। अगली सुबह गांव के कुछ ग्रामीणों ने खेत के पास उनका शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची कादरचौक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में किसान के शरीर पर कई जगह गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उनकी लाठियों या डंडों से पिटाई कर हत्या की गई है। फिलहाल हत्यारों की पहचान नहीं हो पाई है और ना ही हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट हो सके हैं।
सोपली कश्यप चार भाइयों में मंझले थे और अपने परिवार की आजीविका के लिए खेती-बाड़ी करते थे। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी और बच्चे बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी के मन में एक ही सवाल है—आखिर किसान की हत्या क्यों और किसने की?
पुलिस ने हत्या की जांच तेज कर दी है और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, जमीनी विवाद या अन्य आपसी दुश्मनी हो सकती है, हालांकि अधिकारी अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। कादरचौक थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का दावा किया गया है।