जागरण टुडे, कासगंज।
दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय किसान यूनियन (हलधर) के तत्वावधान में शुक्रवार को शहर के ब्रज वाटिका में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए पत्रकारों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाकियू (हलधर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरेन्द्र सोलंकी ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो ग्रामीण अंचल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। पत्रकारों की निष्पक्ष भूमिका समाज और लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।
सोलंकी ने पत्रकारों के हितों को लेकर शासन-प्रशासन से ठोस नीतियां बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले पत्रकारों को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए, क्योंकि वे सीमित संसाधनों में कठिन परिस्थितियों में भी जनहित की आवाज उठाते हैं।
इस दौरान उन्होंने भाकियू स्वराज गुट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “जैसी करनी वैसी भरनी”, संगठन के सिद्धांतों से विचलित होकर कोई भी अधिक समय तक नहीं टिक सकता। भाकियू हलधर किसानों के अधिकारों और सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर संघर्षरत है।
कार्यक्रम में पत्रकारों को सम्मानस्वरूप शॉल, डायरी और मिष्ठान भेंट किए गए। समारोह के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा और उपस्थित सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक राघव, प्रदेश अध्यक्ष कृष्णगोपाल भदौरिया, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौहान, जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित किया