जागरण टुडे, कासगंज (ढोलना)।
दीपावली की रात थाना ढोलना क्षेत्र के बिलराम कस्बे में पटाखा चलाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। दोनों ओर से लोगों ने लाठी-डंडे उठा लिए और सड़क पर तनाव का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, दीपावली पर्व के दौरान एक समुदाय के युवक पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के युवकों ने इसका विरोध किया, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में बात बढ़ी और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और भगदड़ का दृश्य देखा जा सकता है।
सूचना मिलते ही थाना ढोलना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने विशेष समुदाय के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
इस घटना के बाद से कस्बे में माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।