सनातन न्यास फाउंडेश ने झोंपड़पट्टी में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों एवं स्ट्रीट स्कूल के बच्चों संग दीपोत्सव मनाया गया। फाउंडेशन अध्यक्ष देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज ने वंचित समाज के परिवारों को वस्त्र, मिष्ठान वितरित किए। उनके साथ आतिशबाजी चलाई और दीपावली की बधाई दी।
प्रियाकांतजु मंदिर समीप निवास करने वाले गरीब परिवारों एवं मथुरा में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वाले परिवारों में दीपोत्सव मनाया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी देवकीनंदन महाराज जरूरतमंद परिवारों के बीच उपहार लेकर पहुंचे। बच्चों एवं महिलाओं को वस्त्र वितरण के पश्चात उनके साथ फुलझड़ी, अनार, चकरी आदि चलाकर दीपावली मनाई।
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि दीपोत्सव खुशियों का प्रकाश फैलाने का त्यौहार है। हम सभी का दायित्व है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अभावग्रस्त परिवारों तक भी सनातनी त्यौहारों का प्रकाश पहुंचे, तभी इनकी सार्थकता है।
इस अवसर पर स्ट्रीट स्कूल संचालक सतीश शर्मा, तनु चौहान, प्रियाकांतजु मंदिर परिकर योगेश शर्मा, मनमोहन शर्मा, आचार्य श्यामसुंदर शर्मा, मीडिया प्रभारी जगदीश वर्मा आदि मौजूद रहे।