गोवर्धन पूजा और भाईदूज (यम द्वितीया) पर्व के अवसर पर मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने देर रात सघन छापामार अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 880 किलो दूषित पनीर और 15 किलो मिल्क क्रीम नष्ट कराई, जबकि छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने पुलिस के सहयोग से देर रात छापेमारी की।
अभियान के दौरान सुरीर थाना क्षेत्र से पनीर के दो नमूने और हरनौल चौकी क्षेत्र से पनीर के दो नमूने लिए गए। वहीं लक्ष्मणपुरा स्थित एक डेयरी से मिल्क क्रीम और घी के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में पाया गया कि पनीर अस्वच्छ और अस्वस्थायकर परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही लगभग 880 किलोग्राम दूषित पनीर, जिसकी कीमत करीब ₹2.20 लाख थी, नष्ट कराया। इसके अलावा 15 किलोग्राम दूषित मिल्क क्रीम (कीमत ₹3,750) को भी मौके पर नष्ट किया गया।
खाद्य सचल दल में धर्मेन्द्र सिंह और भरत सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सक्रिय रूप से शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पर्वों के दौरान आम जनमानस को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मिलावटखोरों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।