जनपद बरेली के किला थाना क्षेत्र में दो माह से प्रेमी के साथ किराए के मकान में रह रही 28 वर्षीय महिला ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार प्रेमी को ठहराया और पति को निर्दोष बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किला थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि किला छावनी में दो महीने पहले दिल्ली की रहने वाली पूजा ने किरा पर कमरा लिया था। उसके साथ में उसका प्रेमी आलोक रहता था। आलोक रिक्शा चलाने के साथ ही मजदूरी करता था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जिससे तंग होकर पूजा ने बुधवार शाम 5 बजे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि उसके पति की कोई गलती नहीं है। प्रेमी आलोक ने उसे धोखा दिया है। आलोक उसे आए दिन प्रताड़ित करता था। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।