Friday, January 30, 2026

Mathura News: भक्ति, संगीत और संस्कृति के संगम से सजा ब्रज रज उत्सव आरंभ

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 27, 2025

Mathura News: भक्ति, संगीत और संस्कृति के संगम से सजा ब्रज रज उत्सव आरंभ

जागरण टुडे, मथुरा

श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा में रविवार को धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर ब्रज रज उत्सव 2025 का शुभारंभ भक्ति, संगीत और संस्कृति के अद्भुत संगम के साथ हुआ।कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री शैलजाकांत मिश्र, विधायक बलदेव श्री पूरन प्रकाश, विधायक मांट श्री राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन श्री मेघश्याम सिंह, पूर्व मंत्री श्री रविकांत गर्ग, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्याम बहादुर सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से विशाल गुब्बारा उड़ाकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

ब्रज की परंपरा और लोक संस्कृति की झलक

अतिथियों का स्वागत ब्रज की परंपरा के अनुसार फूल-मालाओं, पगड़ी, पटुका और मंगल गीतों से किया गया। मेले में लगे विभागीय और हस्तशिल्प स्टॉलों ने ब्रज की कला, गौसेवा, लोक संगीत और ग्रामीण उत्पादों की छटा बिखेरी। ढोल, ढप, बीन और रसिया गीतों की गूंज से पूरा परिसर भक्ति के रंग में डूबा रहा।


‘द डिवाइन कृष्णा’ ने बांधा समा

उत्सव की मुख्य आकर्षण रही क्लासिकल नृत्यांगना यास्मीन सिंह की प्रस्तुति ‘द डिवाइन कृष्णा’, जिसने दर्शकों को भक्ति, माधुर्य और सौंदर्य के अद्भुत संसार में पहुंचा दिया। यास्मीन सिंह ने शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से बालकृष्ण की लीलाओं से लेकर रासलीला तक की झलकियां प्रस्तुत कीं। हर मुद्रा और भावभंगिमा में श्रीकृष्ण की लीलाओं की झलक मिलती रही। उनके नृत्य की लय और भावों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


ब्रज की रज में राधा-कृष्ण की लीलाएं बसती हैं

मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा—“ब्रज की रज में संगीत और राधा-कृष्ण की लीलाएं बसती हैं। यही कारण है कि यह उत्सव आज ब्रज की आत्मा और संस्कृति का प्रतीक बन चुका है।” उन्होंने बताया कि ब्रज रज उत्सव को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसमें विशेष रुचि ले चुके हैं।


27 को आएंगे भजन गायक कन्हैया मित्तल

27 अक्टूबर 2025 को प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी भजन संध्या के माध्यम से श्रद्धा और भक्ति का नया रंग भरेंगे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.