जनपद बरेली के मीरगंज में संचालित धामपुर बायो आर्गेनिक्स लिमिटेड (डीबीओएल शुगर मिल) पर आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे अचानक छापामार कार्रवाई की। आयकर की टीम मिल परिसर पहुंची तो कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। आयकर अधिकारियों ने फैक्ट्री के अंदर पहुंचते ही सबसे पहले कर्मचारियों के मोबाइल जब्त किए, जिसके बाद छानबीन शुरू की।
छानबीन के दौरान टीम ने मिल के सभी गेट बंद कर दिए, जिससे कोई भी व्यक्ति अंदर या बाहर नहीं आ जा सके। इस छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में हो रहे वित्तीय लेन-देन के रिकार्ड और दस्ताबेजों की टीम द्वारा जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार छापामार टीम में शामिल अधिकारियों का ध्यान मुख्य रूप से वित्तीय अनियमितताओं और कर चोरी पर है।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर और आसपास पुलिस तैनात कर दी गई। मीडिया को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। हांलाकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका कि आयकर विभाग ने किस आधार पर यह कार्य की है। टीम के छापा मारने के बाद से मिल के किसी अधिकारी से भी संपर्क नहीं हो सका है। खबर लिखे जाने तक आयकर टीम फैक्ट्री के अंदर छानबीन में जुटी रही। फिलहाल इस मामले में कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।