जागरण टुडे, बरेली। जनपद बरेली के थाना भुता क्षेत्र में फरीदपुर रोड पर सिंघाई मोड़ के पास बुधवार सुबह मजदूरी करने जा रहे युवकों की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
टक्कर मारने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर ईंटों के चट्टे में जा घुसा। ट्रक में फंसकर बाइक दोनों युवक काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद चालक और हेल्पर ट्रक छोड़कर फरार हो गये।
बरेली के भुता थाने के प्रभारी निरीक्षक रविंद कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग नौ बजे फैजनगर निवासी जावेद और अब्दुल ढकनी गांव में मजदूरी करने के लिए बाइक से जा रहे थे। उसी समय भुता फरीदपुर मार्ग पर सिंघाई के पास ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे जावेद (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा अब्दुल (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल बरेली भिजवाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
टक्कर लगने के बाद बाइक ट्रक के पहिया में फंस गई, जिससे बाइक के साथ ही उसका चालक भी काफी दूर तक घिसटता हुआ चला गया। इससे जावेद का शव क्षत-विक्षत हो गया। दोनों मृतकों की मौत पर उनके घरों में कोहराम मच गया। मृतक जावेद छह भाई चार बहन थे। मृतक अब्दुल छह भाई दो बहनें थीं। दोनों में से किसी की भी शादी नहीं हुई थी।