चौबारी मेले के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन दिन तक भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। 3 नवंबर की सुबह 8 बजे से 5 नवंबर की रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। मेले के मुख्य स्थल रामगंगा चौबारी के पास देवचरा, चौपुला और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन या रोडवेज बस को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि इस दौरान बरेली-बदायूं रोड पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। बदायूं से बरेली आने वाले वाहन भमोरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी और बड़ा बाईपास होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे, जबकि बरेली से बदायूं जाने वाले वाहन लखनऊ, शाहजहांपुर और पीलीभीत मार्ग से दातागंज व फतेहगंज पूर्वी होते हुए बड़ा बाईपास से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा चौराहा होकर बदायूं जाएंगे। वहीं, लखनऊ और शाहजहांपुर की ओर जाने वाले वाहन फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाईपास, विलयधाम, बिलवा और झुमका तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पीलीभीत और नैनीताल से आने वाले वाहन भी बड़ा बाईपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा चौराहा होकर बदायूं की ओर जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि मेले के दौरान लोग बरेली-बदायूं रोड का उपयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।